लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर | जोधपुर शहर में पारंपरिक एवं प्रसिद्ध धींगा गवर बेंतमार मेले का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अनूठे मेले में महिलाओं ने विभिन्न आकर्षक वेशभूषाओं में भाग लिया और पूरे उल्लास के साथ परंपरा का निर्वहन किया।
मेले के दौरान गवर माता की भव्य सवारी निकाली गई, जिसमें इस वर्ष माता का लगभग 100 किलो जेवरों से विशेष श्रृंगार किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। 
अनोखी परंपरा बनी आकर्षण
इस पारंपरिक मेले की खास पहचान महिलाओं द्वारा स्वांग रचकर कुंवारे युवकों को बेंत से मारने की परंपरा है, जिसे शुभ माना जाता है। बड़ी संख्या में लोग इस अनोखी परंपरा को देखने पहुंचे और पूरी रात मेला चलता रहा।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
मेले को लेकर शहर के भीतरी क्षेत्रों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के कड़े इंतजाम किए गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। 
इस दौरान डीसीपी (पूर्व) मनीष चौधरी, एसीपी सेंट्रल (पूर्व) मंगलेश चुंडावत एवं पुलिस उपायुक्त शाहीन सी ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और निगरानी के लिए पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई, जिससे मेला शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

















































