लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सवाई माधोपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई
जयपुर । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सवाई माधोपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला उद्योग केंद्र के वरिष्ठ सहायक सूर्यप्रकाश नामा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी सवाई माधोपुर इकाई द्वारा की गई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी सवाई माधोपुर को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में बताया गया था कि परिवादी के पिता एवं भाइयों के नाम जिला उद्योग केंद्र सवाई माधोपुर से डॉ. भीमराव अंबेडकर दलित प्रोत्साहन योजना के तहत स्वीकृत तीन दुकानों की सब्सिडी एवं ब्याज अनुदान राशि खाते में डलवाने की एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
गोपनीय सत्यापन में रिश्वत मांग की पुष्टि
शिकायत मिलने पर एसीबी द्वारा 24 दिसंबर 2025 को रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान यह सामने आया कि वरिष्ठ सहायक सूर्यप्रकाश नामा ने सब्सिडी और ब्याज अनुदान राशि डालने के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी और 25 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई।
ट्रैप कार्रवाई में रंगे हाथों पकड़ा गया
इसके बाद एसीबी भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरविजन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसीबी सवाई माधोपुर ज्ञान सिंह चौधरी के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी सूर्यप्रकाश नामा को परिवादी से 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ जारी, प्रकरण दर्ज
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।
एसीबी की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।


















































