लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों की जागरूकता के लिए करें सामूहिक प्रयास — एडीएम हेमराज पैरिडवाल
विभाग समयबद्ध रूप से करें 60 दिवसीय कार्य योजना का पालन, चालान प्रक्रिया पर दें ध्यान
करौली, (संवाददाता नवीन शर्मा)।
टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 3.0 के अंतर्गत जिला स्तरीय आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार, करौली में किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलेक्टर हेमराज पैरिडवाल ने की।
इस अवसर पर एडीएम ने कहा कि तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता के लिए सभी विभागों को सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि यह कैंपेन भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 8 दिसंबर तक संचालित रहेगा, जिसके तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में बताया जाएगा।
विभाग समयबद्धता और गुणवत्ता पर दें विशेष ध्यान
एडीएम पैरिडवाल ने निर्देश दिए कि कैंपेन के अंतर्गत जिन विभागों को जो कार्य सौंपे गए हैं, उन्हें समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही, चालान प्रक्रिया पर भी ध्यान देने की बात कही, ताकि कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके।
कार्यशाला के दौरान आईईसी फोल्डर का विमोचन किया गया और सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को तंबाकू सेवन न करने एवं अपने परिजनों को भी इससे दूर रखने की शपथ दिलाई गई।
सीएमएचओ डॉ. जयंतीलाल मीना ने दी कार्य योजना की जानकारी
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जयंतीलाल मीना ने टोबैको फ्री यूथ कैंपेन की 60 दिवसीय कार्य योजना का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत तंबाकू मुक्त विद्यालय और तंबाकू मुक्त ग्राम पंचायतों के लिए बनाए गए 9 इंडिकेटर्स के अनुपालन को सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला स्तरीय अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यशाला में मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवचरण मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुमानाराम राम, सहायक निदेशक जनसंपर्क विभाग धर्मेंद्र मीणा, पीएमओ रामकेश मीणा, सीडीईओ, डीपीओ मुकेश कुमार, डीपीसी (आईईसी) लखन सिंह लोधा सहित विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


















































