लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सवाई माधोपुर।
जिले में रबी सीजन के लिए खाद की कमी और काला बाजारी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व बामनवास विधायक इंद्रा मीना के नेतृत्व में दिया गया।
किसानों को खाद न मिलने से बढ़ी परेशानी
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सवाई माधोपुर जिले में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे बुवाई और फसल संचालन में भारी दिक्कतें आ रही हैं।
इसके साथ ही खाद व्यापारियों द्वारा अवैध स्टॉकिंग और काला बाजारी किए जाने की शिकायतों पर भी कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया।
राज्य सरकार को चेतावनी
कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि जिले के किसानों को तुरंत पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं करवाई गई, तो
जिला कांग्रेस कमेटी हजारों किसानों के साथ कलेक्ट्रेट का घेराव करेगी।
शिव मंदिर से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन
इंद्रा मीना और अशोक बैरवा के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शिव मंदिर में एकत्र हुए। बैठक के बाद सभी ने रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर खाद संकट पर जोरदार प्रदर्शन किया।
इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्या के त्वरित समाधान की मांग की।
जिले में खाद की किल्लत को लेकर किसान पहले ही चिंता में हैं, ऐसे में कांग्रेस ने इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया है।










































