लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर | रिपोर्ट: मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ
श्रीगंगानगर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं श्रीकरणपुर विधायक रूपिंद्र सिंह रूबी कुन्नर द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत अब प्रत्येक सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, 125 नई धान मंडी श्रीगंगानगर में नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य जिले के आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके शीघ्र समाधान की प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाना है।
इसी क्रम में सोमवार को सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर ने प्रातः 11 बजे से सायं 5 बजे तक जनसुनवाई की। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे आमजन ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन्हें विधायक ने गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में उपस्थित नागरिकों ने कांग्रेस नेताओं का आभार व्यक्त किया। आगामी जनसुनवाई कार्यक्रम में 13 अप्रैल 2026 को रायसिंहनगर विधायक सोहन लाल नायक द्वारा जनसुनवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में डीसीसी भीमराज डाबी, पूर्व जिला महासचिव राकेश शर्मा, पूर्व पार्षद कृष्ण सियाग, पार्षद दलीप लावा, मंडल अध्यक्ष देवीलाल भुडिया, जिला महासचिव अजय गौड़ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी की यह पहल जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधा एवं प्रभावी मंच उपलब्ध हो रहा है।























































