लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
राजसमंद (गौतम शर्मा)। झोर गांव के सदर बाजार में शारदीय नवरात्रि के ग्यारवे दिन जयसिया राम मंडल झोर की युवा टीम ने प्रभु श्री राम द्वारा रावण वध का भव्य मंचन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे और पूरे पांडाल में “जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
राम और रावण के बीच भीषण युद्ध
मंचन में दिखाया गया कि अयोध्या के राजकुमार प्रभु श्रीराम और लंका के राजा रावण के बीच धनुष-बाण से भीषण मुकाबला हुआ। रावण ने अपने दसों सिर और बीसों भुजाओं से प्रहार किए, लेकिन श्रीराम ने वीरता और धैर्य के साथ हर वार को नाकाम किया।
अंततः आकाशवाणी के मार्गदर्शन पर राम ने ब्रह्मास्त्र का संधान किया और रावण के हृदय पर बाण मारा। जैसे ही बाण लगा, लंका की धरती हिल उठी और रावण का अंत हुआ।
विजय और उत्सव का माहौल
रावण वध के बाद रणभूमि में जयकारों की गूंज सुनाई दी। वानर सेना ने नृत्य किया और अंगद व हनुमान ने विजय ध्वजा फहराई। इस जीत के साथ माता सीता की मुक्ति का मार्ग प्रशस्त हुआ और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक यह क्षण दर्शकों के मन में अमिट छाप छोड़ गया।
कार्यक्रम में दर्शक अपनी-अपनी जगह बैठकर देर रात तक मंचन का आनंद लिया। इसके बाद प्रभु श्री राम की विशेष आरती भी आयोजित की गई।















































