Home crime झालावाड़ में फेक करेंसी गिरोह का पर्दाफाश, पति-पत्नी समेत गिरफ्तार

झालावाड़ में फेक करेंसी गिरोह का पर्दाफाश, पति-पत्नी समेत गिरफ्तार

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क 

चंडीगढ़ और जिला स्पेशल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बरामद 12.20 लाख रुपए नकली नोट और प्रिंटिंग उपकरण

झालावाड़ ।
झालावाड़ में जिला स्पेशल पुलिस और चंडीगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फेक इंडियन करेंसी तैयार कर उसे मार्केट में खपाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने झालरापाटन के चंद्रावती ग्रोथ सेंटर में रेड कर गिरोह के सरगना पति-पत्नी को गिरफ्तार किया।

बरामद सामग्री

पुलिस को आरोपियों के पास से कुल 12.20 लाख रुपए की नकली इंडियन करेंसी, लैपटॉप, प्रिंटर, कागज, स्याही, कटर और स्क्रीन फ्रेम इमेजर बरामद हुए। दोनों पति-पत्नी उज्जैन निवासी हैं और काफी समय से चंद्रावती ग्रोथ सेंटर में किराए के मकान में रह रहे थे। फिलहाल आरोपियों को चंडीगढ़ ले जाया गया है।

कार्रवाई का विवरण

झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि चंडीगढ़ पुलिस को पहले सूचना मिली थी कि दो आरोपियों द्वारा नकली नोट बेचे जा रहे हैं। आरोपियों गौरव और विक्रम के पास से 2038 नकली नोट (500-500 के) बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 10 लाख 19 हजार रुपए थी।

चंडीगढ़ पुलिस की पूछताछ में पता चला कि नकली नोट कुरियर के जरिए उन्हें भेजे जाते थे। कुरियर का एड्रेस झालावाड़ जिले के बकानी कस्बे से जुड़ा हुआ था। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने झालावाड़ पुलिस से संपर्क किया।

विस्तृत अनुसंधान

एएसपी झालावाड़ अमित कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी चिरंजीलाल मीणा और डीएसपी हर्षराज सिंह खरेड़ा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। पुलिस ने कुरियर बुकिंग शॉप और आसपास लगे 100 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद संदिग्ध महिला की पहचान हुई और संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी पति-पत्नी जितेंद्र व रजनी शर्मा को नकली करेंसी और प्रिंटिंग उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने पूरे मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version