लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विभिन्न समितियों का गठन, स्थायी विकास पर लिए गए अहम निर्णय
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) अखिल राजस्थान जयकार समाज विकास संस्था की प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक नेहरू विहार स्थित भेरूलाल रेवल के निवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष लादूलाल फोगा ने की, जबकि प्रदेश अध्यक्ष दुर्गालाल बारेठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से आगामी रविवार, 1 फरवरी को भीलवाड़ा में राज्य स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया।
समाज के दीर्घकालीन विकास को ध्यान में रखते हुए भीलवाड़ा में भूखंड क्रय करने के विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी सदस्यों ने भीलवाड़ा के समीप प्रस्तावित भूमि का सामूहिक निरीक्षण किया और शीघ्र क्रय प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्णय लिया।
युवा शाखा के जिला अध्यक्ष कमल जागा ने बताया कि युवा कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की औपचारिक घोषणा शीघ्र की जाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समाज के विद्यार्थियों के लिए कोचिंग एवं लाइब्रेरी सुविधा विकसित की जाएगी। साथ ही अन्य जिलों से प्रतियोगी परीक्षाएं देने भीलवाड़ा आने वाले विद्यार्थियों के लिए ठहरने की व्यवस्था भी संस्था द्वारा की जाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष दुर्गालाल बारेठ, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष भैरूलाल लखावत, प्रदेश कोषाध्यक्ष दुर्गालाल चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष बसंतीलाल जामका, प्रदेश सहायक कोषाध्यक्ष राधेश्याम बागड़वा, जिला संरक्षक गोपाललाल बराला, कार्यकारी अध्यक्ष शंकरलाल चौधरी, जिला मंत्री जगदीश प्रसाद डोगा, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैलाशकुमार बागड़वा, जिला कोषाध्यक्ष भेरूलाल रेवल, राजूलाल रेवल, जिला युवा अध्यक्ष कमल पोरवाड एवं अंबालाल चौधरी सहित अनेक पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
अंत में जिला मंत्री जगदीश प्रसाद डोगा ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।


















































