लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
सलूंबर । भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में 1 से 15 नवम्बर तक मनाए जा रहे “जनजातीय गौरव वर्ष” के तहत जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में निबंध, भाषण, प्रश्नोत्तरी और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
हजारों विद्यार्थियों ने उत्साह और जोश के साथ भाग लेते हुए जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और भगवान बिरसा मुंडा के प्रेरक जीवन पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, लोककला और परंपरागत जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
छात्रों ने अपनी रचनात्मकता से जनजातीय विरासत, लोकनृत्य, पर्व और लोकदेवताओं पर आधारित सुंदर चित्र भी प्रस्तुत किए।
यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जनजातीय गौरव और आत्मगौरव के पुनर्जागरण का उत्सव साबित हुआ, जिसने नई पीढ़ी में अपनी संस्कृति के प्रति गर्व की भावना को सशक्त किया।
