लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | (रूपनारायण सांवरिया) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा — “जहां—जहां अशोक गहलोत चुनाव प्रचार में गए, वहां कांग्रेस की करारी हार हुई। गुजरात में गए तो हार, महाराष्ट्र में गए तो हार और अब बिहार में भी हार तय है।”
राठौड़ ने कहा कि गहलोत की “छिद्रान्वेषण की आदत” ही कांग्रेस के पतन का बड़ा कारण है। पहले उन्होंने अपने ही सहयोगी सचिन पायलट को हाशिए पर डाला और अब पार्टी के भीतर टीकाराम जूली से सीधी प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इससे साफ है कि कांग्रेस आंतरिक कलह, गुटबाजी और नेतृत्वहीनता में फंसी है।
उन्होंने कहा — “गहलोत जनता को गुमराह करने के बजाय आत्ममंथन करें कि क्यों उनकी मौजूदगी में भी पार्टी हारती जा रही है। जनता अब केवल विकास, पारदर्शिता और सुशासन चाहती है, जो भाजपा दे रही है।”
अंता उपचुनाव पर बोलते हुए राठौड़ ने कहा — “कांग्रेस नेताओं की राजनीति केवल सत्ता की मलाई के इर्द-गिर्द घूमती है। जनसेवा उनके एजेंडे में कहीं नहीं है।”
राठौड़ ने दावा किया कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र का अभाव है और वहां डिक्टेटरशिप चलती है, जबकि भाजपा में उम्मीदवारों का चयन जनअपेक्षाओं, सर्वेक्षणों और विचार-मंथन के बाद किया जाता है।
-
“कांग्रेस जहां गहलोत का प्रचार — वहां हार पक्की।”
-
पार्टी में गुटबाजी और नेतृत्व संकट।
-
भाजपा में पारदर्शी प्रक्रिया से तय होते हैं उम्मीदवार।
-
कानून व्यवस्था और सुशासन पर भाजपा का फोकस।
-
महंगाई दर कांग्रेस के 9.8% से घटकर भाजपा शासन में 1.9%।
राठौड़ ने कहा — “भाजपा का हर कार्यकर्ता विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने के लिए समर्पित है। जनता अब विकास और विश्वास के साथ भाजपा के साथ खड़ी है।”




















































