लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
राजस्थान मेवाड़ जाट महासभा, भीलवाड़ा के तत्वावधान में हुआ भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन
भीलवाड़ा | पंकज पोरवाल
सामाजिक एकता और सादगी की मिसाल पेश करते हुए सकल जाट समाज द्वारा राजस्थान मेवाड़ जाट महासभा, भीलवाड़ा के तत्वावधान में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन हरणी महादेव, भीलवाड़ा में किया गया। इस पावन अवसर पर 30 जोड़े पवित्र परिणय सूत्र में बंधे, जिन्होंने समाज के आशीर्वाद से अपने नए जीवन की शुरुआत की।
कार्यक्रम में समाज के साथ-साथ शहर और जिले की कई प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथियों में राजस्थान जाट महासभा प्रदेशाध्यक्ष राजा राम मील, महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह चौधरी, और अंकलेश जाखड़ शामिल रहे।
इसके अलावा विधायक अशोक कोठारी, महापौर राकेश पाठक, एडीशनल एसपी अदिति चौधरी, एसडीएम ओम प्रकाश माचरा, नगर निगम कमिश्नर हेमाराम चौधरी, बदरीलाल जाट, महावीर चौधरी, हनुमान धायल (पुलिस निरीक्षक), देवी लाल चौधरी, राजवीर कुशवाह, हीरालाल भदाला, रामेश्वर जाट, प्रेमाराम सियाग, गजराज चौधरी, और जे.वी.पी. मीडिया ग्रुप चेयरमैन हरिराम किंवाड़ा भी उपस्थित रहे।
नशा मुक्ति का संकल्प और शिक्षा पर जोर
कार्यक्रम के दौरान नवग्रह आश्रम के संस्थापक हंसराज चौधरी ने सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया।
समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया कि —
“हर वर्ष समाज स्तर पर सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। शादियों में फिजूलखर्ची से बचकर वही धन शिक्षा और समाजोत्थान पर खर्च किया जाएगा।”
यह सामूहिक निर्णय समाज में सादगी, एकता और शिक्षित भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम माना जा रहा है।
मंच संचालन का कार्य नारायण भदाला ने कुशलतापूर्वक किया।
















































