लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
इंदिरा एकादशी के पावन अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का उल्लास देखने को मिला। राम रघुनाथ मंदिर, चारभुजा नाथ मंदिर, विश्वकर्मा मंदिर तथा सत्यनारायण भगवान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और परिक्रमा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
राम रघुनाथ मंदिर में श्रद्धालु महिलाओं ने मंदिर की सीढ़ियों को साफ कर दीप जलाए और पुष्प, अक्षत, छतरी, बैटरी आदि अर्पित किए। पंडित अमित भारद्वाज ने भगवान रघुनाथ जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं को एकादशी की कथा सुनाई। इसके बाद महिलाएँ भजन-कीर्तन करते हुए माला जप और 108 परिक्रमा में शामिल हुईं। मंदिर समिति सदस्य रमेश जांगिड़ ने बताया कि इंदिरा एकादशी का व्रत पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस व्रत से साधकों को भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सुख-संपत्ति बनी रहती है।
चारभुजा नाथ मंदिर में रात्रि को मंडल द्वारा भजनों का आयोजन किया गया। इसमें राजेश ठाडा, रवि शंकर शर्मा, भेरूलाल सोनी, राजीव शर्मा सहित अनेक कलाकारों ने सुंदर भजन प्रस्तुत किए।
धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक सेवा भी की गई। बावड़ी के चौक में गौ माता को हरा चारा और विभिन्न स्थानों पर पक्षियों को चुगा डाला गया। मंदिरों में विशेष आरती की गई तथा फलाहार कर श्रद्धालुओं ने एकादशी का व्रत खोला।
इंदिरा एकादशी पर यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा का भी उदाहरण बना, जहाँ श्रद्धालु एकजुट होकर भक्ति और करुणा का संदेश लेकर आए।
