लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
स्वच्छता सैनिकों का हुआ सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक उत्थान के प्रति दिखाई प्रतिबद्धता
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड की रामपुरा आगूचा खदान में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित “स्वच्छोत्सव 2025” का समापन भव्य रूप से हुआ। यह आयोजन “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत भारतीय खान ब्यूरो (आईबीएम) अजमेर क्षेत्र के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता अभियान
पखवाड़े के दौरान खदान और आसपास के क्षेत्रों में कई गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें गाँव स्वच्छता पहल (रूपाहेली व कोठिया ग्राम पंचायत), आवासीय क्षेत्र विशेष सफाई अभियान, तथा “रन फॉर हेल्थ एंड क्लीनलीनेस” मैराथन शामिल रहे। कर्मचारियों, उनके परिवारजनों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह से भाग लिया।
हरित पहल और छात्र सहभागिता
प्लास्टिक उपयोग कम करने के उद्देश्य से कपड़े के थैलों का वितरण किया गया, वहीं खदान और कॉलोनी में वृक्षारोपण एवं मेगा प्लांटेशन ड्राइव आयोजित हुई। विद्यालयों और एनसीसी कैडेट्स के लिए निबंध व स्लोगन प्रतियोगिता करवाई गई, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया।
स्वच्छता सैनिकों का सम्मान
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण स्वच्छता सैनिकों का सम्मान रहा। खदान व कॉलोनी क्षेत्र की स्वच्छता में योगदान देने वाले सैनिकों को निष्ठा और उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
प्रबंधन की सक्रिय भूमिका
इस पूरे आयोजन में भारतीय खान ब्यूरो अजमेर क्षेत्र के क्षेत्रीय खान नियंत्रक चंद्रेश बोहरा तथा हिन्दुस्तान जिंक के वरिष्ठ अधिकारी – राम मुरारी (आगूचा आईबीयू सीईओ), वेकेश चित्तौड़ा (यूनिट हेड), बसंत किशोर (खान प्रबंधक), विनोद सैनी (तकनीकी प्रमुख), आशुतोष पाठक (भूविज्ञान प्रमुख), अभय गौतम (सीएसआर हेड), अभिमन्यु सिंह (प्रशासनिक प्रमुख) और दिनेश पालीवाल (पर्यावरण प्रमुख) सक्रिय रूप से शामिल रहे।
सतत विकास की ओर कदम
‘स्वच्छोत्सव 2025’ ने न केवल स्वच्छता और स्वास्थ्य का संदेश दिया, बल्कि हिन्दुस्तान जिंक की सतत विकास, सामुदायिक उत्थान और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।



















































