लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
हरित संगम मेला – जीवदया, पर्यावरण एवं स्वच्छता का संदेश लेकर निकली चेतना यात्रा, उद्योग राज्य मंत्री विश्नोई ने दिखाई झंडी, पूरे मार्ग में साथ पैदल चले
लोहड़ी उत्सव में मची धूम, अमृता देवी नाट्य मंचन से दिया पर्यावरण का संदेश
आज समापन में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर सहित आएंगी कई हस्तियां
भीलवाड़ा। (विनोद सेन) अपना संस्थान एवं नगर निगम भीलवाड़ा के संयुक्त तत्वाधान में 10 से 14 जनवरी तक आयोजित हरित संगम मेले के चौथे दिन आज जीवदया, पर्यावरण एवं स्वच्छता चेतना यात्रा को उद्योग राज्य मंत्री के.के. विश्नोई ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर संकट मोचन मंदिर के महंत बाबूगिरी जी एवं हाथीभाटा आश्रम के महंत संतदास जी का भी सान्निध्य प्राप्त हुआ। इसके बाद चित्रकूट धाम अवधपुरी में आयोजित समारोह में विधायक अशोक कोठारी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा भी शामिल हुए। इस अवसर पर अपना संस्थान प्रांत सचिव विनोद मेलाना, मेला संयोजक राधेश्याम सोमानी, अमरचंद विश्नोई सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। उद्योग राज्य मंत्री ने मेले की विभिन्न स्टॉल्स के साथ ही फ्लावर शो का भी अवलोकन किया।
अपना संस्थान के अंकुर बोरदिया ने बताया कि रैली में अंतरराष्ट्रीय पर्यावरणविद जोधपुर उच्च न्यायालय में सहायक रजिस्ट्रार खमुराम बिश्नोई के नेतृत्व में भीलवाड़ा के विश्नोई समाज सहित सैंकड़ों की संख्या में पर्यावरण प्रेमी सम्मिलित हुए। रैली में वृक्षों की रक्षार्थ शहीद अमृतादेवी और मुक्तिधाम मुकाम मंदिर की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र बनी। यह चेतना रैली जम्भेश्वर नगर से प्रारंभ होकर गंगापुर चौराहा, अंबेडकर सर्किल, सूचना केंद्र चौराहा होते हुए चित्रकूट धाम अवधपुरी पहुंची। इस अवसर पर यात्रा प्रभारी भवानीशंकर विश्नोई सहित विश्नोई समाज के भीलवाड़ा, जोधपुर सहित कई शहरों के सैंकड़ों लोग शामिल हुए।

कचरे से बनाया कंचन, निबंध, खेलकूद व केबीसी की तर्ज पर हुई प्रतियोगिता
खेल संगम प्रभारी मधु लोढ़ा व दिव्या बोरदिया ने बताया कि हरित संगम मेले में दोपहर में आयोजित कचरे से कंचन प्रतियोगिता में प्रथम सुमित गुर्जर, द्वितीय अनुराग सिंह, तृतीय कमलेश नाथ रहे। इसी प्रकार निबन्ध प्रतियोगिता में प्रथम ज्योति प्रजापत, द्वितीय संजू बांठिया और तृतीय राजलाल रैगर रहे। दोनों प्रतियोगिताओं में निर्णायक नेहा चोरड़िया एवं कुसुम श्रीश्रीमाल रहे। सितोलिया में पुरुष टीम में राम टीम प्रथम, चौहान टीम द्वितीय, चेयर रेस में प्रथम दुर्गेश, द्वितीय हर्षित व तृतीय आलोक रहे। केबीसी की तर्ज पर आयोजित प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्टीवर्ड मॉरिस स्कूल, द्वितीय पीएम श्री ऊ. मा.विद्यालय मांडल, तृतीय उ.मा.विद्यालय पुर रही। प्रतियोगिता में नारायणजी, परीक्षित नामधर, आदित्य व्यास, आदित्य मानसिंहका, अनुपम नामधर का सहयोग रहा।
लोहड़ी उत्सव की रही धूम, अमृता देवी नाट्य मंचन भी हुआ
मकर संक्रांति के पूर्व दिवस पर मेला प्रांगण अवधपुरी में पंजाबी समाज के सहयोग से लोहड़ी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह एवं सचिव ऋषिपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में पंजाबी समाज के सदस्य, मेला प्रबंधन टीम परिवार, मेले में आए सैंकड़ों लोग शामिल हुए। शाम को विख्यात नाट्यकार अशोक राही द्वारा लिखित नाटक खेजड़ी की बेटी का मंचन उनकी टीम द्वारा किया गया। वहीं प्रातः योग में भंवरलाल शर्मा, हवन में योगेश दाधीच, देवेंद्र त्रिपाठी के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित हुए।

दिनांक 14 जनवरी को यह होंगे कार्यक्रम
प्रातः 7 बजे प्रभात फेरी, प्रातः 7 बजे सामूहिक सूर्य नमस्कार, 8 बजे ग्रीन हार्टफुलनेस रन (मैराथन) एवं अंकुरित नाश्ता एवं काढ़ा वितरण, प्रातः 8.30 बजे से हवन, प्रातः 9 बजे से यज्ञ, प्रातः 10 बजे से रक्तदान शिविर, प्रातः 10.30 बजे स्वच्छता एवं पर्यावरण साईकिल रैली भीमगंज गुलमंडी स्कूल से चित्रकूट धाम तक, दोपहर 1 बजे से खेलकूद प्रतियोगिता, 2 बजे से केबीसी पर आधारित पर्यावरण एवं स्वच्छता को जानो प्रतियोगिता, 4 बजे से समापन सत्र आयोजित होगा।
वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर मोनिका कुमावत आज कराएगी सामूहिक सूर्य नमस्कार, मैराथन भी होगी
हरित संगम मेले के पांचवे और अंतिम दिन प्रातः 7 बजे सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं शामिल होंगे। वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर मोनिका कुमावत द्वारा सूर्य नमस्कार कराया जाएगा। इसके तुरंत बाद प्रातः 8 बजे ग्रीन हार्टफुलनेस रन मैराथन दौड़ का आयोजन होगा। जो चित्रकूट धाम अवधपुरी से प्रारंभ होकर सरस्वती सर्किल, बडला चौराहा, शास्त्री सर्किल, इनकम टैक्स ऑफिस, अरिहंत हॉस्पिटल, होते हुए पुनः चित्रकूट धाम पहुंचेगी। वहीं पैदल मैराथन चित्रकूट धाम से विभिन्न बाजारों से होकर पुनः मेला प्रांगण आएगी। एनसीसी ऑफिस, शास्त्री सर्किल, बडला चौराहा होते हुए पुनः चित्रकूट धाम पहुंचेगी।
रक्तदान शिविर का भी होगा आयोजन
हरित संगम मेला प्रांगण में आज प्रातः 10 बजे से प्राणी मात्र की सेवा के उद्देश्य से रक्तदान शिविर का भी आयोजन होगा। रक्तदान के इच्छुक युवक, युवतियां, पुरुष, महिलाएं मेला प्रांगण अवधपुरी पहुंचकर इस पुनीत कार्य में सहभागी बन सकेंगे। वहीं सायं 6 बजे से विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा।
समापन सत्र में शिक्षा मंत्री दिलावर सहित कई हस्तियां होंगी शामिल
हरित संगम मेले के पांचवे और अंतिम दिन आयोजित समापन सत्र में राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर मुख्य अतिथि रहेंगे। विधायक अशोक कोठारी, महापौर राकेश पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, समाजसेवी तिलोकचंद छाबड़ा, महावीरसिंह चौधरी, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के अखिल भारतीय सह संयोजक राकेश जैन (छत्तीसगढ़), द साइकिल मेन ऑफ इंडिया नीरज प्रजापति (हरियाणा) सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक गण उपस्थित रहेंगे।















































