लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
शहर में रविवार अलसुबह श्री चारभुजा नाथ गीता सत्संग समिति द्वारा मासिक हरि नाम प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गीता भवन में कीर्तन और आरती के साथ हुआ।
गीता भवन में संकीर्तन और प्रवचन
समिति के नन्द किशोर पारीक और रमेश जांगिड़ ने बताया कि सुबह 5 से 6 बजे तक भक्तों ने राम नाम संकीर्तन किया। इस अवसर पर बलभद्र सिंह ने सत्संग प्रेमियों का तिलक-दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
गीता भवन में भगवान श्रीकृष्ण और भगवद्गीता की आरती के बाद रवि शंकर शर्मा ने गीता के बारहवें अध्याय का भावार्थ समझाया।
नाचते-गाते भक्त पहुंचे रघुनाथ मंदिर
इसके बाद धर्मप्रेमी भक्तजन मुख्य बाजार से रामधुनी करते हुए रघुनाथ जी मंदिर पहुंचे। ढोलक और मजीरों की थाप पर भक्तों ने भजन-कीर्तन कर नृत्य किया। मंदिर परिसर में जयकारों से गूंज उठी।
मंदिर पुजारी अमित भारद्वाज ने भगवान का अभिषेक कर सुंदर झांकी सजाई। इसके बाद भक्तों ने बारी-बारी से आरती उतारी। कार्यक्रम के अंत में आकड़ परिवार की ओर से प्रसादी वितरण किया गया।
बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक रहे शामिल
प्रभात फेरी में गीता सत्संग मंडल से जुड़े महिला-पुरुष, छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्ग भक्त बड़ी संख्या में शामिल हुए। भक्तों ने मंदिर पहुंचकर बड़ों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।