लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रियांबड़ी/नागौर। हरसोर गांव में शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री रखने और बेचने के आरोप में नामजद आरोपी सुलेमान पुत्र करीम खान देशवाली के खिलाफ की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत कुल चार प्रकरण दर्ज बताए जा रहे हैं। प्रशासन को सूचना मिली थी कि आरोपी ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर निर्माण कर रखा है। सूचना के आधार पर राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी द्वारा अवैध रूप से खड़ी की गई दीवारों और अन्य निर्माण को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त किया गया। मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



















































