Home latest हर घर तिरंगा अभियान के तहत मूंडवा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा 

हर घर तिरंगा अभियान के तहत मूंडवा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 80 मीटर लंबी तिरंगा पट्टी बनी आकर्षण का केंद्र

 

मूंडवा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत शुक्रवार को मारवाड़ मूंडवा में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा को मूंडवा तहसीलदार डॉ. सुरेंद्र भास्कर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान भारत माता का स्वरूप धारण किए एक बालिका के हाथ में तिरंगा देकर यात्रा की शुरुआत कराई गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं शताब्दी विस्तारक रुद्र कुमार शर्मा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए देशभक्ति के साथ-साथ नशा मुक्ति का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से रवाना होकर बस स्टैंड, पुराना पुलिस थाना, पोस्ट ऑफिस, चारभुजा चौक, सदर बाजार, कन्या पाठशाला, पनघट रोड और विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई पोकंडी स्थित तारकेश्वर महादेव मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।

यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों और राष्ट्रभक्ति गीतों से माहौल देशप्रेम के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम के समापन पर तिरंगा यात्रा में शामिल विद्यार्थियों को फलाहार वितरित किया गया।

इस भव्य आयोजन का मुख्य आकर्षण 80 मीटर लंबी तिरंगा पट्टी रही, जिसे लेकर विद्यार्थी और नागरिक पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। विशाल तिरंगा पट्टी ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया और यात्रा को विशेष पहचान दिलाई।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version