लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सांगानेर, जयपुर।
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मनोहरियावाला, सांगानेर में सेंटर फॉर कम्युनिटी रेजिलिएंस एंड एडवोकेसी फाउंडेशन (CCRAF) की ओर से खुशी एवं मानसिक स्वास्थ्य विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र का उद्देश्य छात्रों को खुशी, सकारात्मक सोच, मानसिक संतुलन और शैक्षणिक प्रदर्शन के बीच संबंध को समझाना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व एवं समाजसेवी सुंदरलाल शर्मा रहे। उन्होंने छात्रों को जीवन में सकारात्मकता बनाए रखने, तनाव से दूर रहने और खुश रहने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा, “खुश मन ही सफलता की पहली सीढ़ी है।”
सत्र का संचालन CCRAF के निदेशक डॉ. गणेश नारायण चौधरी, मुख्य सलाहकार दीपक आमेटा और कार्यक्रम समन्वयक अनामिका चक्रवर्ती ने किया। उन्होंने बताया कि मानसिक रूप से स्वस्थ और प्रसन्न बच्चे अधिक ध्यान केंद्रित कर पाते हैं, उनकी रचनात्मकता बढ़ती है और उनका समग्र व्यक्तित्व बेहतर विकसित होता है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका इंदिरा कश्यप और अन्य शिक्षकों ने भी खुशी, जीवन कौशल और आत्म-नियंत्रण पर बच्चों को प्रेरित किया।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने स्माइली गतिविधि और अभिव्यक्ति मंच में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों ने बताया कि वे स्वयं को अधिक शांत, सकारात्मक और उत्साहित महसूस कर रहे हैं। छात्रों ने ऐसे सत्रों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग भी की और कहा कि सप्ताह में एक दिन ‘हैप्पीनेस डे’ होना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय परिवार और CCRAF टीम द्वारा छात्रों के उत्साही सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त करते हुए किया गया।














































