लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कांग्रेस के तीन सांसद संजना जाटव (भरतपुर), राहुल कस्वां (चूरू) और बृजेन्द्र सिंह ओला (झुन्झुनूं) पर एमपी-एलएडीएस निधि का राजनीतिक हित के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
बेढ़म ने कहा कि सांसद अपनी निधि का बड़ा हिस्सा हरियाणा के कैथल जिले में खर्च कर रहे हैं, जबकि अपने संसदीय क्षेत्रों भरतपुर, चूरू और झुंझुनूं में विकास कार्य अधूरे पड़े हैं। उन्होंने बताया कि इस निधि का नियम है कि सांसदों को प्रति वर्ष 5 करोड़ रुपये मिलते हैं, जिनमें से अधिकतम 25 लाख रुपये क्षेत्र के बाहर खर्च किए जा सकते हैं।
संजना जाटव ने 45 लाख रुपये, राहुल कस्वां ने 50 लाख रुपये और बृजेन्द्र सिंह ओला ने 25 लाख रुपये कैथल विधानसभा में खर्च किए। बेढ़म ने आरोप लगाया कि राजस्थान में वोट मिलने के बावजूद यह राशि राजस्थान के विकास के बजाय हरियाणा में खर्च की गई।
उन्होंने यह भी कहा कि संजना जाटव ने 142 कार्य अनुशंसित किए, जिनमें से केवल 37 कार्य अलवर जिले में पूरे हुए, जबकि भरतपुर जिले में एक भी कार्य पूरा नहीं हुआ।
