लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से रविवार को ग्राम पंचायत पादूकलां मुख्यालय पर ग्रामीण उत्थान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पादूकलां आरआई सर्किल के अंतर्गत आने वाली पादूकलां, लांपोलाई, पादूखुर्द, गवारड़ी एवं चांवड़ियाकलां ग्राम पंचायतों के कृषकों और पशुपालकों के लिए आयोजित किया गया।
शिविर में कृषि, पशुपालन, सहकारिता, राजस्व एवं सामाजिक सुरक्षा विभागों के अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन मौके पर ही तैयार कर उन्हें लाभान्वित किया गया।
शिविर में बने सैकड़ों आवेदन
सहायक विकास अधिकारी धर्मेंद्र गिल एवं उदाराम चौहान ने बताया कि शिविर के दौरान तारबंदी के 24 आवेदन, बीज वितरण सत्यापन के 105 किट, पाइपलाइन के 15 आवेदन, सोलर पंप के 4, पॉली हाउस के 4, केसीसी के 60 आवेदन, मुख्यमंत्री मंगला बीमा योजना के 50 आवेदन तथा 8 स्वामित्व कार्ड बनाए गए।
पीएम आवास कार्यों का निरीक्षण
शिविर के दौरान नागौर जिले के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरविंद कुमार जाखड़ ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फसल नुकसान पर मुआवजे की मांग
वहीं रियांबड़ी विकास अधिकारी भंवरलाल सिंघानिया एवं शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी को ग्रामीणों ने लिखित ज्ञापन सौंपकर गेहूं, चना, जीरा, तारामीरा एवं सरसों की फसलों को तेज ठंड और पाले से हुए नुकसान पर मुआवजा दिलाने की मांग की।
अधिकारी व कर्मचारी रहे मौजूद
शिविर में कृषि विपणन निदेशालय जयपुर से निदेशक राजेश चौहान, नागौर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरविंद जाखड़, कृषि विकास बोर्ड से उपनिदेशक करण सिंह, रियांबड़ी विकास अधिकारी भंवरलाल सिंघानिया, सहायक विकास अधिकारी धर्मेंद्र गिल, उदाराम चौहान, कृषि मंडी सचिव यशपाल लटियाल, सहायक निदेशक कृषि रामप्रकाश बेड़ा, नायब तहसीलदार प्रेमप्रकाश डेबाना, प्रशासक रामप्यारी देवी फडौदा, समाजसेवी शिवजीराम फडौदा, ग्राम विकास अधिकारी संदीप गोदारा, हंसराज मीणा, पटवारी बलराम टाड़ा, आरआई सुरेंद्र सिंह, कृषि पर्यवेक्षक महेंद्र कुमार बुढाणीया, सुशील डांगा, कोऑपरेटिव सोसायटी व्यवस्थापक राजेंद्र फडौदा, पशुधन निरीक्षक सेठुसैनी, सुरेंद्र सिंह, कनिष्ठ सहायक ताराचंद, लाइनमेन मेनादेवी, नरसाराम सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








































