लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। भरतपुर विकास प्राधिकरण (बीडीए) की अतिक्रमण निरोधक टीम ने ग्राम नौह में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.04 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान करीब 10 अवैध भूखण्डों को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त किया गया।
तहसीलदार मुकेश कुमार ने बताया कि प्राधिकरण के पैरा-फेरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नौह स्थित आराजी खसरा नंबर 2623, 2624, 2625 एवं 2628 पर बिना स्वीकृति नवीन अवैध प्लॉटिंग और निर्माण कार्य किया जा रहा था। सूचना मिलने पर बीडीए की टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाया।
अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने करीब 1.04 हेक्टेयर भूमि पर की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। मौके पर मौजूद अतिक्रमियों को भू-उपयोग परिवर्तन कराकर विधिवत लेआउट स्वीकृत कराने के संबंध में समझाइश भी दी गई।
प्राधिकरण की तय कार्ययोजना के तहत इस प्रकार के अन्य अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, भरतपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारी, भू-अभिलेख निरीक्षक एवं संबंधित पटवारियों की मौजूदगी में अतिक्रमण विरोधी अभियान को अंजाम दिया गया।
















































