लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावा सिटी (मनीष पारीक)। उपखंड क्षेत्र के गोविंदी ग्राम स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का भव्य सम्मान किया गया तथा पूरे गांव में जुलूस निकालकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार मीणा ने बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहने पर विद्यार्थियों एवं समस्त शिक्षक स्टाफ को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान प्रधानाचार्य मुकेश कुमार जांगिड़, उप प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह यादव एवं धर्मवीर पारीक ने विद्यार्थियों को माला एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया।
उप प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि कक्षा 12वीं में बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार के लिए 5 बालिकाओं का चयन हुआ है, जबकि कक्षा 10वीं में 8 बालिकाओं को गार्गी पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है, जो विद्यालय के लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम के तहत प्रवेश उत्सव रैली भी निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान पूरे गांव में शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति के सदस्य, पूर्व सरपंच शार्दूल सिंह राठौड़, जगदीश सिंह राठौड़, गोरधन रुलानिया सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
साथ ही बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही। विद्यालय स्टाफ ने भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।



















































