लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद | राजसमंद जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र के खंडेल गांव से जुड़ा गोवंश हत्या का एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। वायरल वीडियो में खंडेल निवासी रतनलाल बागरिया धारदार हथियार से गोवंश की हत्या करते हुए फिल्मी डायलॉग बोलते और गोवंश का सिर लहराते हुए इंस्टाग्राम रील बनाता नजर आ रहा है। वीडियो में उसके साथ तीन युवक और एक युवती भी दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आते ही हिंदू संगठनों और संत समाज में भारी आक्रोश फैल गया। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे से खंडेल चौराहे पर सैकड़ों युवाओं की भीड़ जुट गई। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोपी रतनलाल बागरिया और उसके सहयोगियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर कुंवारिया थाना अधिकारी सीआई रामचंद्र कुमावत पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन आक्रोशित भीड़ अपनी मांगों पर अड़ी रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजसमंद डीएसपी नेत्रपाल सिंह अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से समझाइश शुरू की।
डीएसपी नेत्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपी रतनलाल बागरिया के खिलाफ कुंवारिया थाने में चोरी सहित करीब 11 प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी आदतन अपराधी है और पूर्व में भी कई आपराधिक वारदातों में लिप्त रहा है। परिजनों के अनुसार वह पिछले आठ माह से केरल में मजदूरी कर रहा है, हालांकि बीच-बीच में गांव आता-जाता रहता है।
डीएसपी ने बताया कि 9 सितंबर को गंगापुर थाना क्षेत्र के पोटला गांव में आरोपी के मामा गोवर्धन के यहां एक कार्यक्रम के दौरान पाड़ा काटने की घटना सामने आई थी। यह मामला गंगापुर थाना क्षेत्र से संबंधित होने के कारण वहां की पुलिस को सूचना दे दी गई है। आरोपी पिछले करीब छह माह से फरार बताया जा रहा है।
मौके पर कुंवारिया तहसीलदार सुंदरलाल मीणा भी मौजूद रहे। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में आरोपी बागरिया परिवार द्वारा खंडेल छूर बस्ती में किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। अधिकारियों द्वारा सख्त कार्रवाई का आश्वासन देने और समझाइश के बाद प्रदर्शन शांत हुआ।
घटना को लेकर संत मोहन दास, कैलाश जाट, नरेश जाट, पवन जाट, भेरूलाल, शंकरलाल जाट, सुभाषलाल, रतनलाल सहित तारा खेड़ा, लापस्या, कुरज, दगोलिया खेड़ा, फियावड़ी समेत आसपास और दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में युवा एवं विश्व हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया है।













































