लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आरएसएस के सह व्यवस्था प्रमुख विजय भाई ने किया निरीक्षण
भीलवाड़ा।(पंकज पोरवाल) श्री केशव स्मृति सेवा प्रन्यास द्वारा अंबेडकर नगर में संचालित गुरु श्री कानिफनाथ घुमंतू छात्रावास में अध्ययनरत बच्चों के शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास को और बेहतर बनाने के लिए प्रयास जारी हैं। रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह व्यवस्था प्रमुख विजय भाई ने छात्रावास का विशेष निरीक्षण किया और बच्चों को आशीर्वाद दिया।
निरीक्षण के बाद प्रन्यास सदस्यों और छात्रावास संचालन समिति के साथ हुई बैठक में विजय भाई ने कहा कि घुमंतू समाज के बच्चों के अभिभावकों को नियमित रूप से छात्रावास में बुलाकर उन्हें बच्चों की प्रगति और गतिविधियों से अवगत कराना चाहिए। उन्होंने छात्रावास में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान 7 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने ओजस्वी और भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
“नीला घोड़ा रा असवार मारा मेवाड़ी सरदार” जैसे ओजपूर्ण गीत और “राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी” जैसे भक्ति गीतों के साथ बच्चों ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। उनके आत्मविश्वास और प्रदर्शन ने विजय भाई को विशेष रूप से प्रभावित किया।
उन्होंने पिछले तीन वर्षों से छात्रावास में रह रहे बच्चों के अनुभव और उनमें आए सकारात्मक बदलावों को सुना और कहा कि भविष्य में ये बच्चे समाज के श्रेष्ठ नागरिक बनेंगे। इसके लिए उन्होंने शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाने पर बल दिया।
बैठक की अध्यक्षता प्रन्यास अध्यक्ष हीरालाल टेलर ने की, जबकि सचिव रवींद्र मानसिंहका ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान राजकुमार बंब, विनोद मेलाना, गोविंद प्रसाद सोडाणी, गणेश सुथार, रितेश मल्होत्रा और डॉ. शंकर लाल माली ने भी अपने सुझाव और विचार साझा किए।
विजय भाई ने छात्रावास और भोजनालय का अवलोकन करते हुए प्रन्यास की सेवात्मक गतिविधियों की प्रशंसा की और इसे बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण कदम बताया।














































