लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह | ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। श्रीकरणपुर कस्बे में गुरुसर रोड स्थित शनि मंदिर के पास हुई चाकूबाजी की घटना में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को हुई चाकूबाजी की घटना में गांव 19 ओ निवासी चरणजीत पुत्र गुरदीप सिंह और वार्ड नंबर 2 निवासी शिवराज पुत्र रामप्रताप मेघवाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीकरणपुर सीएचसी से श्रीगंगानगर रेफर किया गया था। जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान चरणजीत ने दम तोड़ दिया, जबकि शिवराज का इलाज जारी है।
श्रीकरणपुर थाना प्रभारी सीआई सीर कौर ने बताया कि पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते शनि मंदिर के पास दोनों गुटों के बीच विवाद हुआ, जो हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान चाकू और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
