लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मगसी, सरवर, कचनारा-सुनारी सहित गंगधार में ग्रामीणों से सीधा संवाद
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का दिया भरोसा
गंगधार, झालावाड़ | (सुनील निगम) झालावाड़ जिले के गंगधार उपखंड क्षेत्र में झालावाड़–बारां सांसद दुष्यंत सिंह की तीन दिवसीय जनसंवाद पदयात्रा के तहत मगसी, सरवर, कचनारा-सुनारी सहित गंगधार कस्बे में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया। इस दौरान सांसद ने ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव गंभीरता से सुने।
पदयात्रा के दौरान प्रत्येक गांव में सांसद का ग्रामीणों द्वारा स्नेहपूर्ण स्वागत किया गया। सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता ने इस जनसंवाद पदयात्रा को और अधिक सार्थक एवं प्रभावी बनाया है।

सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य रहे प्रमुख मुद्दे
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपने विचार और सुझाव साझा किए। सांसद ने बताया कि प्राप्त समस्याओं और सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा अपनी आवश्यकताओं को स्पष्ट रूप से सामने रखना, प्रत्येक समस्या के त्वरित और प्रभावी समाधान की दिशा में एक मजबूत आधार प्रदान करता है।

भाजपा कार्यकर्ता रहे साथ, प्रशासन रहा मुस्तैद
जनसंवाद पदयात्रा के दौरान सांसद के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं, कार्यक्रम के दौरान प्रशासन पूरी तरह चाक-चौबंद रहा, जिससे पदयात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।



















































