लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
गंगधार (झालावाड़)।
देश के प्रथम गृह मंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती गंगधार क्षेत्र में बड़े ही उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन किया गया।
झालावाड़ पुलिस कप्तान के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में गंगधार वृत के अंतर्गत गंगधार, डग और उन्हेल पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत हरी झंडी दिखाकर यूनिटी मार्च को रवाना कर की गई।
दौड़ में पुलिसकर्मियों, छात्रों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और देश की एकता, अखंडता और समरसता का संदेश दिया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन, विद्यार्थी, शिक्षक, खेल प्रेमी, स्काउट-गाइड, सीएलजी सदस्य, व्यापारी वर्ग सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने भी सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल देखने को मिला।


















































