लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
विभागीय मिलीभगत से कार्रवाई ठप
झालावाड़ (गंगधार)।
झालावाड़ जिले के गंगधार क्षेत्र से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। गंगधार के गांव चिड़ी स्थित सरकारी विद्यालय का अध्यापक ब्रजराज शर्मा पिछले 5 वर्षों से विद्यालय में कदम तक नहीं रखा है। सबसे हैरानी की बात यह है कि सत्ता और राजनीति के संरक्षण के चलते आज तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
चार्ज भी फर्जी, बच्चों का भविष्य दांव पर
विद्यालय का चार्ज किसी और के पास है, लेकिन वास्तविकता यह है कि चार्जधारी भी अक्सर अनुपस्थित रहता है। जिसके पास चार्ज नहीं है, वही कभी-कभी विद्यालय आता है। यह स्थिति बच्चों के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ है।
बदहाल स्कूल और खतरे में मासूमों की जान
विद्यालय की हालत इतनी खराब है कि बच्चे जर्जर भवन में पढ़ने को मजबूर हैं। पोषाहार योजना में तय मेन्यू के अनुसार बच्चों को भोजन नहीं मिलता। कभी शिक्षक सामान लाता है तो कभी नहीं। बच्चे खुद अपने बर्तन धोने को मजबूर हैं।
-
बर्तन गंदगी से भरे रहते हैं।
-
गुरुवार को मिलने वाला फल वितरण भी बंद है।
-
भवन इतना जर्जर है कि बच्चों को खुद की जान खतरे में लगती है।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं
ग्रामीणों ने कई बार इस पूरे मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की, लेकिन विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत और राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई दबा दी जाती है। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर क्यों मासूम बच्चों को उनके शिक्षा के अधिकार से वंचित किया जा रहा है और उन्हें अंधेरे में धकेला जा रहा है।
