लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दिया ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश
जयपुर। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जयपुर के एमआई रोड स्थित राज्य सरकार के हैंडलूम स्टोर पहुंचकर विभिन्न हस्तकरघा उत्पाद खरीदे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए प्रदेशवासियों से स्थानीय उत्पादों को अपनाने और बुनकरों व कारीगरों के श्रम का सम्मान करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर देशवासियों से हैंडलूम उत्पादों को प्रोत्साहित करने और स्थानीय उत्पादों की खरीद बढ़ाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि हथकरघा उद्योग देश के लाखों परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है और राजस्थान के बुनकरों व कारीगरों ने अपने हुनर से राज्य को वैश्विक पहचान दिलाई है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान के बाड़मेर, सांगानेर, बगरू समेत विभिन्न जिलों में तैयार होने वाले हैंडलूम और हस्तशिल्प उत्पाद देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। इन उत्पादों में स्थानीय कारीगरों की मेहनत, कला और परंपरा की झलक दिखाई देती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर उनके श्रम का सम्मान करे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और स्थानीय उत्पादों की खरीद को बढ़ावा दें। इससे छोटे बुनकरों, कारीगरों और दुकानदारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी, साथ ही राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ (ODOP) और ‘पंच गौरव’ कार्यक्रमों के माध्यम से प्रत्येक जिले के विशिष्ट उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। इन योजनाओं से स्थानीय कला, शिल्प और पारंपरिक उद्योगों को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ जिलों की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिल रही है।