लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना:
बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने दिखाई हरी झंडी
विजय कपूर
बीकानेर । देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत गंगासागर के लिए विशेष ट्रेन मंगलवार को बीकानेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 6 से रवाना हुई। ढोल-नगाड़ों की थाप और जयकारों के बीच बीकानेर (पश्चिम) विधानसभा क्षेत्र के विधायक जेठानंद व्यास ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को प्रस्थान कराया।
राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के लिए संकल्पबद्ध: व्यास
इस अवसर पर विधायक व्यास ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सेवा और सम्मान को लेकर राज्य सरकार दृढ़ संकल्पित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल के अनुरूप वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क तीर्थ यात्राओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रेन पूर्णतया वातानुकूलित है और सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई गई हैं। योजना के तहत प्रदेशभर के हजारों वरिष्ठ नागरिक विभिन्न प्रमुख तीर्थ स्थलों का दर्शन कर चुके हैं।
605 यात्री बीकानेर संभाग से हुए रवाना
देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने बताया कि बीकानेर संभाग के 605 वरिष्ठ नागरिक इस यात्रा में सम्मिलित हुए हैं। इनमें बीकानेर और चूरू जिलों के 404, तथा श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों के 201 यात्री शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त—
-
जयपुर संभाग के 240 वरिष्ठ नागरिक जयपुर स्टेशन से
-
भरतपुर संभाग के 130 यात्री भरतपुर स्टेशन से ट्रेन में जुड़ेंगे।
ट्रेन में एक ट्रेन प्रभारी, एक डॉक्टर, दो नर्सिंग स्टाफ और 28 अनुरक्षक नियुक्त किए गए हैं। इनमें से 17 अनुरक्षक बीकानेर, 6 जयपुर और 5 भरतपुर से तैनात किए गए हैं।
हनुमानगढ़ के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश सीरवी ने बताया कि यह विशेष ट्रेन 8 दिसंबर को वापस बीकानेर लौटेगी। यात्रियों के लिए टिकट वितरण, नाश्ता एवं चाय की व्यवस्था प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर बनाए गए विशेष कैंप में की गई।
इस वर्ष बीकानेर से रवाना होने वाली पांचवीं विशेष ट्रेन
देवस्थान विभाग की निरीक्षक सोनिया रंगा ने बताया कि वर्ष 2023–24 के दौरान बीकानेर से रवाना होने वाली यह पांचवीं विशेष ट्रेन है। इसी क्रम में 11 दिसंबर को हनुमानगढ़ से रामेश्वरम के लिए एक और विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी।
व्यवस्थाओं में रहे अनेक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद
यात्रियों के टिकट वितरण और अन्य व्यवस्थाओं के लिए देवस्थान विभाग के महेश शर्मा, रितेश श्रीमाली, अनुसुइया, कल्पिश शर्मा, पुरुषोत्तम, संदीप, मोहन, किशोर शर्मा, सोनू शर्मा, अभिषेक श्रीमाली, गोपाल आचार्य, राजेंद्र राजपुरोहित, राजेश दाधीच एवं शिव ओझा उपस्थित रहे।
श्रीगंगानगर–हनुमानगढ़ के यात्रियों के टिकट वितरण में निरीक्षक सलीम, महेश ओझा, करणी, लाल सिंह छींपा और खुशाल भी शामिल रहे।
