लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बनी सिंह मीना | गंगापुर सिटी–सवाई माधोपुर
गंगापुर सिटी: गंगापुर सिटी में मंगलवार को पुरानी सब्जी मंडी इलाके में हुई दिनदहाड़े फायरिंग की घटना ने पूरे शहर में दहशत फैला दी। जानकारी के अनुसार दो से चार अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दो युवक घायल हुए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों की पहचान जितेश शर्मा (निवासी महू कला) और कालू गुर्जर (निवासी उमरी गांव) के रूप में हुई है। फायरिंग में कालू गुर्जर के पैर में तथा जितेश शर्मा के हाथ में गोली लगी। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार किया गया, लेकिन गंभीर हालत के चलते कालू गुर्जर को जयपुर रेफर कर दिया गया। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर एएसपी राकेश राजोरा, डीवाईएसपी गिर्राज मीणा, कोतवाली, सदर और उदेई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घायलों से पूछताछ की और पुरानी सब्जी मंडी इलाके का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी एकत्र की और हमलावरों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद सामने आएगा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
फिलहाल यह वारदात शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।














































