लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमन्द।(राजसमन्द) राजसमन्द जिले के कुंवारिया थाना क्षेत्र के गलवा गांव में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस मित्र टीम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने रात्रि पहरेदारी की। गांव में बढ़ती चोरी और संदिग्ध गतिविधियों की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली।
सीआई रामचन्द्र कुमावत ने बताया कि पुलिस के सहयोग से गठित पुलिस मित्र टीम के सदस्यों ने गांव के अलग-अलग मोहल्लों में घूमकर निगरानी रखी और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर बनाए रखी। इस दौरान ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई। 
ग्रामीणों का कहना है कि सामूहिक पहरेदारी से गांव में सुरक्षा का माहौल मजबूत होगा और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगेगा। पुलिस प्रशासन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
रात्रि गश्त के दौरान गांव में शांति व्यवस्था कायम रही, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।