लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जयपुर स्थित संजय शर्मा संग्रहालय एवं शोध संस्थान का अवलोकन किया। इस दौरान संस्थान के अध्यक्ष एवं सह-संस्थापक तिलक शर्मा ने उन्हें संस्थान की गतिविधियों और संग्रह के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री ने संस्थान में संरक्षित एक लाख से अधिक दुर्लभ पांडुलिपियों, ताड़पत्र ग्रंथों तथा प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों का अवलोकन किया और गहरी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत के प्राचीन ग्रंथ न केवल देश की प्रगति का मार्गदर्शन करते हैं, बल्कि भारतीय चेतना, आत्मगौरव और सांस्कृतिक बोध को भी सुदृढ़ बनाते हैं।
शेखावत ने इस दुर्लभ और अमूल्य संग्रह को मन को अभिभूत करने वाला बताते हुए संस्थान द्वारा भारतीय सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान राष्ट्र के सांस्कृतिक पुनर्जागरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष एवं सह-संस्थापक तिलक शर्मा, मधु शर्मा, श्री वत्स सहित संस्थान से जुड़े अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।