लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नितिन मेहरा, अजमेर।
अजमेर। अजमेर जिले में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत तथा बढ़ती महंगाई को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। एक ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी स्मारक पर मौन सत्याग्रह कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया, वहीं दूसरी ओर जिला प्रशासन ने कालाबाजारी रोकने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर 19 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए।
शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल की अध्यक्षता और पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के नेतृत्व में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गांधी स्मारक पर दो घंटे का मौन सत्याग्रह किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया और गांधीवादी परंपरा के तहत ‘रामधुन’ का गायन भी किया गया।
मीडिया से बातचीत में धर्मेंद्र राठौड़ ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए गैस संकट के लिए इसे जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
इस दौरान डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, प्रदेश सचिव डॉ. सुनील लारा, पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती, महेंद्र सिंह रलावता, द्रौपदी कोली और राजेश टंडन सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया और सरकार पर निशाना साधा।
वहीं दूसरी ओर प्रशासन ने गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की। जिला रसद अधिकारी (प्रथम) मोनिका जाखड़ के नेतृत्व में पुष्कर उपखंड के बूढ़ा पुष्कर रोड और लीला सेवड़ी क्षेत्र में होटलों व ढाबों पर छापेमारी कर 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस दौरान वृत्ताधिकारी अजमेर ग्रामीण रामचंद्र चौधरी और थानाधिकारी पुष्कर विक्रम राठौड़ पुलिस जाब्ते के साथ मौजूद रहे। टीम ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 5 प्रकरण दर्ज किए।
इसी क्रम में जिला रसद अधिकारी (द्वितीय) नीरज कुमार जैन के निर्देशन में पीसांगन क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई, जहां विभिन्न प्रतिष्ठानों से 5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
रसद विभाग ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों का गंभीर उल्लंघन है। प्रशासन ने होटल और ढाबा संचालकों को चेतावनी दी है कि वे इस प्रकार की गतिविधियां तुरंत बंद करें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















































