लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर | (रूपनारायण सांवरिया)
पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि गहलोत “हकीकत शास्त्र” से कोसों दूर हैं और केवल “इंतजार शास्त्र” के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत की बयानबाजी उनकी विफलताओं पर पर्दा डालने का असफल प्रयास है।
राठौड़ ने कहा कि गहलोत सरकार के समय व्यवस्थाओं को कमजोर किया गया और कोरोना जैसी आपदा में भी अवसर तलाशे गए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान दवाओं, उपकरणों और रेमडेसिविर इंजेक्शन की खरीद में अनियमितताएं सामने आईं। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्रियों को पुत्र मोह से दूर रहने की सलाह देने वाले गहलोत स्वयं अपने पुत्र वैभव गहलोत के मोह में रहे।
उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत ने अपने पुत्र को चुनाव में उतारने के लिए अन्य नेताओं की अनदेखी की, लेकिन जनता ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। साथ ही आरसीए चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के साथ हुए व्यवहार पर भी सवाल उठाए।
आईपीडी टावर को लेकर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने बिना समुचित योजना के बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए, जिन्हें वर्तमान सरकार सुधारकर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि अब परियोजना का विस्तार कर 23 मंजिल तक निर्माण किया जा रहा है और इसे जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
राठौड़ ने वर्तमान सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाई गई है और अब तक 92 हजार नौकरियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.53 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने “ना पर्ची, ना खर्ची” के सिद्धांत पर जोर दिया।
वैश्विक परिदृश्य का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों पर असर पड़ा है, लेकिन केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर आमजन को राहत दी है। उन्होंने बताया कि राज्य में गैस आपूर्ति सुचारु रखने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में आर्थिक प्रगति भी तेज हुई है और जीएसडीपी वर्ष 2026-27 में 21.52 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि दर्ज की गई है।
अंत में उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अब समय राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि मिलकर काम करने का है, लेकिन कांग्रेस अभी भी ओछी राजनीति में उलझी हुई है। उन्होंने दावा किया कि भजनलाल सरकार प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।













































