लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भाजपा ने दिखाई संवेदनशीलता, कांग्रेस ने ठहराया सरकार को जिम्मेदार
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
जयपुर के एसएमएस अस्पताल में आग लगने से आठ लोगों की मौत के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने घटना को हृदयविदारक बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है, वहीं कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने सरकार को सीधे तौर पर इस हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया है।
भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ का बयान
राठौड़ ने कहा कि इस दुखद घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जांच पूरी पारदर्शिता और गहनता से हो तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं रात्रि 2 बजे घटनास्थल पहुंचे और अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। राठौड़ ने कहा कि सरकार हर पीड़ित तक राहत और सहायता पहुँचाने के लिए पूरी तरह तत्पर है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “ऐसे हृदयविदारक और संवेदनशील मामलों पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस तरह की घटनाओं पर राजनीति करने के बजाय सभी को एकजुट होकर समाधान और सुधार की दिशा में काम करना चाहिए।”
कांग्रेस नेता खाचरियावास का पलटवार
वहीं, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने एसएमएस अस्पताल पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और घायलों का हाल जाना। उन्होंने आरोप लगाया कि “एसएमएस अस्पताल में हुई इस दुर्घटना के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है, क्योंकि अस्पताल में कोई भी व्यवस्था ठीक नहीं थी।”
खाचरियावास ने कहा कि सरकार को प्रत्येक मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देना चाहिए और न्यायिक जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि “पिछले दो वर्षों में नकली दवा, आग लगने और स्कूल भवन गिरने जैसी घटनाओं से कई लोगों की जान जा चुकी है। यह सरकार की लापरवाही और असंवेदनशीलता का परिणाम है।”
कांग्रेस नेता ने चेतावनी दी कि “अगर सरकार ने इस बार भी पीड़ितों को न्याय नहीं दिया, तो कांग्रेस सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी।”