लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। जिला प्रशासन ने उनियारा उपखंड कार्यालय से जुड़े एक विवादित मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कमेटी गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ टोंक की शिकायत के बाद उनियारा उपखंड अधिकारी (एसडीएम) पूजा मीणा पर लगे अभद्र व्यवहार के आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है।
कार्यालय जिला कलेक्टर टोंक की ओर से जारी आदेश के अनुसार अतिरिक्त जिला कलेक्टर टोंक को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें पूरे मामले की जांच कर 7 दिवस में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्या है मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ, टोंक ने 19 फरवरी 2026 को जिला कलेक्टर के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनियारा एसडीएम पूजा मीणा ने तहसील कार्यालय उनियारा में कार्यरत प्रशासनिक अधिकारी देवेंद्र कुमार राव के साथ कथित रूप से अभद्र और अनुचित व्यवहार किया।
इस घटना के बाद कर्मचारियों में रोष व्याप्त हो गया और महासंघ ने मामले को गंभीर बताते हुए एसडीएम के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी तथ्यों की जांच कर सात दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।













































