लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा राजसमन्द।
राजसमंद। राष्ट्रीय राजमार्ग-758 पर कुंवारिया थाना पुलिस द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह (NRSR) के तहत यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान कुंवारिया थाना पुलिस निरीक्षक रामचन्द्र कुमावत के नेतृत्व में इंटरसेप्टर व्हीकल में तैनात यातायात पुलिस टीम द्वारा संचालित किया गया।
अभियान के दौरान हेड कांस्टेबल हरदम सिंह, कांस्टेबल दल्लाराम, रामकिशोर एवं भूरीलाल सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। पुलिस टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर वाहन चालकों को हेलमेट व सीट बेल्ट पहनकर वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, लेन ड्राइविंग अपनाने, रात्रि में उचित हेडलाइट का उपयोग करने तथा तेज एलईडी हेडलाइट का प्रयोग न करने की समझाइश दी गई। साथ ही धुंध के समय फॉग लाइट का उपयोग करते हुए दृश्यता के अनुसार धीमी एवं सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के लिए भी जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों की जानकारी वाले पम्पलेट भी वितरित किए गए। पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करें और दूसरों की जान की रक्षा में भी सहयोग करें।













































