लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एमएनआईटी परिसर में प्रस्तावित “Bharat Renewable Expo – 2026” के विरोध में अभिभावक संघ का प्रदर्शन
जयपुर। (अभिषेक जैन बिट्टू) मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) परिसर में प्रस्तावित “Bharat Renewable Expo – 2026” को लेकर छात्रों की सुरक्षा, विशेषकर बालिका छात्राओं की सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण की पवित्रता को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। इसी विषय को लेकर संयुक्त अभिभावक संघ ने सोमवार दोपहर 1.30 बजे MNIT परिसर के बाहर OTS चौराहे के पास विरोध प्रदर्शन किया।
संयुक्त अभिभावक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल और प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक जैन बिट्टू के नेतृत्व में अभिभावकों, छात्रों और जागरूक नागरिकों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर परिसर में प्रस्तावित व्यावसायिक कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की।
अभिषेक जैन बिट्टू ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के भीतर या आसपास बड़े व्यावसायिक आयोजनों से ट्रैफिक अव्यवस्था, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, छात्रावास व्यवस्था और नियमित शैक्षणिक गतिविधियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की।
अरविंद अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि MNIT का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, शोध और छात्रों का सर्वांगीण विकास है, न कि व्यावसायिक आयोजनों के लिए परिसर और आसपास के क्षेत्रों को जोखिम में डालना। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि प्रस्तावित “Bharat Renewable Expo – 2026” को तुरंत रद्द किया जाए या किसी सुरक्षित वैकल्पिक स्थान पर आयोजित किया जाए।
प्रदर्शन में उपस्थित अभिभावकों और छात्रों ने प्रशासन से छात्रों के सुरक्षित भविष्य और शैक्षणिक गरिमा की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। संयुक्त अभिभावक संघ ने राज्य एवं केंद्र सरकार, MNIT प्रशासन और संबंधित विभागों से शीघ्र हस्तक्षेप कर उचित निर्णय लेने का आग्रह किया है।









































