लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा।
पंकज पोरवाल की रिपोर्ट
दक्षिणी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी महिला संगठन और जिला माहेश्वरी महिला संगठन भीलवाड़ा के संयुक्त प्रयास से एमपीएस पब्लिक स्कूल छापरी में सात दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्देश्य बालिकाओं को मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक रूप से मजबूत बनाना तथा उन्हें आज के परिवेश में गलत आचरण करने वाले लोगों से खुद को सुरक्षित रखने की तकनीक सिखाना है।
जिलाध्यक्ष प्रीति लोहिया ने बताया कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण से बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और शिक्षा के प्रति उनकी निरंतरता को प्रोत्साहन मिलता है। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि पश्चिमांचल संयुक्त मंत्री शिखा भदादा एवं प्रदेश अध्यक्ष सीमा कोगटा ने किया।
प्रशिक्षण शिविर में धर्म जागरण चित्तौड़ प्रांत संयोजिका विनीता तापड़िया ने 55 बालिकाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक प्रशिक्षण दिए। स्कूल की प्रधानाचार्य रेखा लोहिया ने कहा कि गाँवों से आने वाली बालिकाओं के लिए यह कार्यशाला विशेष लाभकारी सिद्ध होगी और आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर अंजना तोषनीवाल, राजकुमारी शर्मा, श्वेता गगरानी, रेखा पाराशर सहित कई अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में जिला सचिव भारती बाहेती ने शिविर की सफलता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।


















































