लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
खेल का मैदान बन गया युद्ध का मैदान, बल्ले और विकेट से किया हमला
जोधपुर: एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड में शनिवार को क्रिकेट खेलने को लेकर छात्रों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। प्रथम वर्ष और तृतीय वर्ष के छात्रों के दो गुट आमने-सामने आए, और देखते ही देखते खेल का मैदान युद्ध का मैदान बन गया।
झड़प का विवरण
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बल्ले और विकेट से हमला किया। इस हिंसा में कुल 6 छात्र घायल हुए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झगड़े की पूरी तस्वीर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
पुलिस ने की जांच शुरू
सूचना मिलने पर रातानाडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लाया। थाना अधिकारी दिनेश लखावत ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से परस्पर मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। परिवादी ओम मीणा और रोहित कुमार की ओर से मामले दर्ज किए गए।
पुलिस पूरे मामले की तफसीली जांच में जुटी हुई है और सभी छात्रों से पूछताछ की जा रही है।
