लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कानून और योजनाओं की मिली जानकारी
गौतम शर्मा
राजसमंद।
राजसमंद। राजसमंद जन विकास संस्था द्वारा संचालित अपराजिता परियोजना के अंतर्गत आमेट पंचायत समिति क्षेत्र की 15 एकल महिला नेतृत्वकर्ताओं का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। भ्रमण का उद्देश्य महिलाओं में कानून की समझ विकसित करना तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम के तहत महिलाओं ने आमेट पुलिस थाने का भ्रमण किया। इस दौरान एएसआई बाबूलाल, हेड कांस्टेबल मधुसूदन पुरोहित एवं एएसआई उदयलाल गुर्जर ने थाने की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी समस्या की स्थिति में थाने आने से डरने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई तथा साइबर अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। साथ ही महिलाओं को थाने के बैरक, मालखाना एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कराया गया।
इसके पश्चात महिलाओं ने आमेट पंचायत समिति का भ्रमण किया, जहां समाज कल्याण विभाग के प्रशांत मीणा ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें पेंशन योजना, पालनहार योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, विशेष योग्यजन उपकरण योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, खाद्य सुरक्षा योजना एवं नरेगा योजना प्रमुख रहीं।
अपराजिता परियोजना की ओर से प्रोजेक्ट असिस्टेंट कंकू पूर्बिया एवं फेसीलिटेटर हीरा वैष्णव ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर महिलाओं ने इस पहल को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें अपने अधिकारों, कानून और सरकारी योजनाओं की बेहतर समझ मिलती है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समाज में अधिक मजबूती से अपनी भूमिका निभा पा रही हैं।










































