लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मनोज कुमार योगी
नैनवां (बूंदी)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, खंड नैनवां की ओर से मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में ‘एक शिक्षक-एक वृक्ष’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों और विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता केशव आर्य ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज में सकारात्मक बदलाव के सबसे प्रभावी माध्यम होते हैं। यदि शिक्षक पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर आगे बढ़ें तो यह संदेश समाज के हर वर्ग तक आसानी से पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण तैयार करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
उन्होंने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाने तक ही सीमित न रहें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं, ताकि पौधे विकसित होकर पर्यावरण संतुलन में अपनी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में खंड नैनवां अध्यक्ष पंकज जैन, मंत्री देवराज गुर्जर, महिला उपाध्यक्ष श्रद्धांजलि शर्मा, सभाध्यक्ष कन्हैयालाल चौपदार, उपाध्यक्ष कालूलाल गुर्जर, मीडिया प्रभारी शैतानसिंह मीणा, पूर्व अध्यक्ष सुगनचंद मीणा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर ज्ञानचंद जैन, राजाराम मीणा, महेंद्र शर्मा, रामपाल मीणा, कृष्णगोपाल नोगिया, रविप्रकाश पालीवाल, अमित शर्मा, अक्षय जैन, अरविंद शर्मा, फरनाज सिद्दीकी, ओमप्रकाश सैनी, रामधन चौधरी, रामस्वरूप कारपेंटर, राघवेंद्र, झुंझार गोदारा, शिवप्रकाश शर्मा, कमलेश शर्मा सहित अनेक शिक्षकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित शिक्षकों ने अधिकाधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल सुनिश्चित करने का संकल्प लेते हुए हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।














































