लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: नितिन मेहरा, अजमेर
अजमेर। जिले में पेट्रोलियम उत्पादों और घरेलू गैस (एलपीजी) की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है। जिला रसद अधिकारी (द्वितीय) नीरज कुमार जैन ने बताया कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आमजन को किसी प्रकार की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पेट्रोल पंपों पर 5 दिन का एडवांस स्टॉक
रसद विभाग की रिपोर्ट के अनुसार शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी प्रमुख पेट्रोल पंपों पर औसतन 5 दिनों का अग्रिम भंडार उपलब्ध है। अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भंडारण (पैनिक बुकिंग) से बचें।
पुष्कर में गैस एजेंसी को नोटिस
विभागीय सतर्कता के तहत पुष्कर क्षेत्र में गैस आपूर्ति व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान दिव्या दीप्ति गैस एजेंसी के खिलाफ उपभोक्ता शिकायतों और तकनीकी खामियों को गंभीरता से लेते हुए एजेंसी संचालक को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के लिए विशेष टीमें गठित
ईंधन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष जांच दल गठित किए हैं। ये टीमें लगातार फील्ड में रहकर पेट्रोल पंपों के स्टॉक रजिस्टर, आपूर्ति की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों जैसे सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता की जांच कर रही हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी या आपूर्ति में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
