लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मांगलियावास थाना क्षेत्र के लामाना गांव का मामला
स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी
पीसांगन (अजमेर)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों को पलीता लगाने का एक मामला सामने आया है। ड्राई डे के दिन भी खुलेआम शराब बिक्री किए जाने का आरोप लगाया गया है। जानकारी के अनुसार मांगलियावास थाना क्षेत्र के लामाना गांव में कंटेनर में संचालित शराब की दुकान पर ड्राई डे के बावजूद शराब परोसी जाती रही।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुकानदार ने कंटेनर के नीचे हॉलनुमा स्थान बनाकर ग्राहकों को शराब परोसने की व्यवस्था कर रखी थी, जहां लोग बैठकर शराब का सेवन करते रहे। इस दौरान ड्राई डे के नियमों की खुलेआम अनदेखी की गई। 
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की सख्ती के बावजूद शराब ठेकेदार द्वारा नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। मामले की जानकारी संबंधित विभाग एवं पुलिस प्रशासन को दी गई है, लेकिन कार्रवाई को लेकर लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि ड्राई डे के उल्लंघन पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।












































