लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह | ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र के गांव धनुर में शराब के नशे में हुए आपसी विवाद ने दोस्ती को खूनी दुश्मनी में बदल दिया। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की डंडे से वार कर हत्या कर दी।
शराब के नशे में हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी गगन मेघवाल और मृतक पप्पू सिंह आपस में गहरे दोस्त थे। दोनों शराब के आदी बताए जा रहे हैं और घटना के दिन भी साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
आवेश में आकर गगन मेघवाल ने पप्पू सिंह के सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही केसरीसिंहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में मातम, लोगों में आक्रोश
इस वारदात के बाद गांव धनुर में शोक का माहौल है। ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है।















































