लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागरिकों ने उठाई पेयजल, यातायात और विकास संबंधी मांगें
विधायक राजेन्द्र गुर्जर ने समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। दूनी कस्बे में आयोजित समस्या समाधान शिविर में नागरिकों ने विधायक राजेन्द्र गुर्जर के समक्ष विभिन्न जनसमस्याओं को उठाया। नागरिकों ने कहा कि सरोली मोड़ पर यातायात का दबाव बढ़ गया है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा है। इसके अलावा, कस्बे में पेयजल आपूर्ति केवल 72 घंटे में हो रही है, जिससे जल संकट बना हुआ है।
विधायक राजेन्द्र गुर्जर ने भरोसा दिलाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा जांच के बाद समस्याओं को आगामी बजट सत्र में शामिल किया जाएगा।
नगर पालिका में जनसुनवाई
विधायक ने नगरपालिका ईओ महेंद्र कुमार मीणा से नगर पालिका की वार्षिक आय, आंतरिक राजस्व और रिक्त पदों की जानकारी ली। नागरिकों ने आबादी विस्तार, पेयजल आपूर्ति, उपखंड कार्यालय, मॉडल सीएचसी अस्पताल, ट्रोमा सेंटर, खेल मैदान की लाइटों, गोचर भूमि अतिक्रमण, कचरा संग्रहण और सड़क-नालों की मरम्मत सहित कई मुद्दे उठाए।
विधायक ने एसडीएम देवली रूबी अंसार और ईओ महेंद्र कुमार मीणा को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्युत फीडर बदलना, अन्नपूर्णा रसोई, मुख्य बाजार अतिक्रमण हटाना, सुरक्षा दीवार निर्माण, बस स्टैंड और पुलिस चौकी, स्पीड ब्रेकर और सीसी सड़क निर्माण जैसी मांगों पर भी ध्यान देने का आश्वासन दिया।
शिविर में देवली प्रधान बनवारी जाट, तहसीलदार विनोद शर्मा, पूर्व सरपंच दयाराम गुर्जर और ब्लॉक अधिकारी भंवरलाल जाट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










































