भजनलाल शर्मा ने किये विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह
उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा को बधाई देने वालों का लगा तांता
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दूदू में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील की कि वे “वोकल फॉर लोकल” को बढ़ावा दें और त्योहारों के सीजन में स्थानीय उत्पाद खरीदें। इससे स्थानीय कारीगरों को रोजगार मिलेगा और लघु एवं कुटीर उद्योग सशक्त होंगे।
विकसित भारत – विकसित राजस्थान की दिशा में तेजी
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देश में 2014 के बाद अभूतपूर्व विकास और गरीब कल्याण की योजनाओं की शुरुआत हुई है। आतंकवाद और नक्सलवाद के खात्मे के साथ भारत का विश्व स्तर पर गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित राजस्थान का रोडमैप तैयार किया गया है और सरकार लगातार इस दिशा में कार्यरत है।
जल उपलब्धता और कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण निर्णय
मुख्यमंत्री ने जल आपूर्ति को प्राथमिकता बताते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर, गंगनहर और माही बांध जैसी परियोजनाओं का उल्लेख किया। किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की जानकारी देते हुए कहा कि गेहूं पर अब 150 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस दिया जाएगा।
हरियालो राजस्थान और पर्यावरण संरक्षण
पिछले वर्ष लगभग 7.5 करोड़ पौधे लगाए गए थे, जबकि इस वर्ष 11 करोड़ से अधिक पौधारोपण का कार्य हुआ। मुख्यमंत्री ने आमजन से एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान किया।
दूदू में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में विकास
मुख्यमंत्री ने दूदू-सांभर-भाटीपुरा सड़क, रसाईनी-मौजमाबाद-झाग-रामपुरा ऊँटी-बगरू सड़क, कुचामन मार्ग, बाईपास निर्माण, छापरवाड़ा बांध की नहरों का नवीनीकरण और जिला अस्पताल के भवन निर्माण का उल्लेख किया।
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि पिछले 20 महीनों में दूदू क्षेत्र को स्वास्थ्य, शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, सड़क और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई सौगातें मिली हैं।
लोकार्पित एवं शिलान्यास किए गए कार्य
-
लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण, सड़क निर्माण और भवन निर्माण कार्य।
-
10.5 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र और ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट।
-
10 करोड़ रुपये की लागत का एकीकृत आयुष चिकित्सालय, दूदू।
-
9 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, फागी का शिलान्यास।
-
परिवहन विभाग एवं मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक (ADT) के ऑटोमेशन कार्य एमओए पर हस्ताक्षर।
कार्यक्रम में पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, विधायक रेवंतराम डांगा, रामस्वरूप लाम्बा, राधेश्याम बैरवा, अरुण चौधरी, जिला प्रमुख रमा देवी चोपड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।