लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
दीपावली स्नेह मिलन समारोह में हुई घोषणा — समाजहित में कार्य करने का लिया संकल्प
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) मरुधरा माहेश्वरी संस्थान, भीलवाड़ा का दीपावली स्नेह मिलन समारोह आजाद नगर स्थित माहेश्वरी भवन में उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर संस्थान के चुनाव अधिकारी राजेंद्र दम्माणी और महेश जाजू की देखरेख में संगठन के चुनाव कराए गए, जिसमें दिनेश राठी निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिनेश राठी ने अपनी कार्यकारिणी में नारायण बाहेती को महासचिव पद पर नियुक्त किया। पदभार ग्रहण करने के बाद राठी का सभी सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने संबोधन में अध्यक्ष राठी ने कहा कि वे सभी समाजजनों को साथ लेकर संस्थान को नई दिशा देंगे। समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और अधिक से अधिक शिक्षा, सेवा और एकता पर केंद्रित योजनाएं चलाई जाएंगी।
कार्यक्रम में वर्तमान अध्यक्ष शांतिप्रकाश मोहता ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को कार्यभार सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर समाज के मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया जिन्होंने विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए।
समारोह में राधाकिशन सोमानी, राधेश्याम सोमानी, दामोदर सिंगी, शांतिप्रकाश मोहता, राजेश बाहेती, राजेश बिहानी, महादेव बाहेती, विनय मूंदड़ा, हर्ष राठी सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में महासचिव नारायण बाहेती ने सभी अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।















































