लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
आज होगा पहला क्लाउड सीडिंग परीक्षण
सत्यनारायण सेन, गुरला।
नई दिल्ली।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और खराब वायु गुणवत्ता को देखते हुए कृत्रिम वर्षा (Artificial Rain) की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने जानकारी दी कि क्लाउड सीडिंग प्रक्रिया के लिए आईआईटी कानपुर का सेसना एयरक्राफ्ट बुधवार को कानपुर से उड़ान भर चुका है।
विमान मेरठ पहुंचने के बाद मौसम की परिस्थितियों के अनुसार आगे की योजना तय करेगा। बताया गया कि कम दृश्यता के कारण सुबह विमान उड़ान नहीं भर सका था, लेकिन मौसम में सुधार होते ही इसे उड़ा दिया गया।
मंत्री सिरसा ने बताया कि आज दिल्ली में पहला क्लाउड सीडिंग परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण के तहत बादलों में विशेष रासायनिक तत्वों का छिड़काव किया जाएगा ताकि कृत्रिम रूप से वर्षा कराई जा सके और राजधानी के प्रदूषित वातावरण में कुछ राहत मिल सके।
पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार, क्लाउड सीडिंग तकनीक से अस्थायी तौर पर बारिश कराई जा सकती है, जिससे हवा में मौजूद प्रदूषक तत्व नीचे बैठ जाते हैं और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में सुधार देखा जा सकता है।

















































